Home » मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 में लगी आग, कामकाज रहा पूरी तरह ठप
देश

मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 में लगी आग, कामकाज रहा पूरी तरह ठप

मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) के टर्मिनल-1 में गुरुवार शाम को शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस आग में कोई हताहत नहीं हुआ है।

सीएसएमआईए के प्रवक्ता ने बताया कि हवाई अड्डे का कामकाज अप्रभावित रहा। आग पर रात 9.20 बजे तक काबू पा लिया गया। सूत्रों ने दावा किया कि एहतियात के तौर पर किसी भी तरह के नुकसान से बचने के लिए सिस्टम बंद कर दिए गए थे। सिस्टम को धीरे-धीरे बहाल करने में कुछ समय के लिए कामकाज प्रभावित हुआ। सीएसएमआईए के प्रवक्ता ने बताया कि शाम 6.10 बजे शार्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसे आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों ने काबू में कर लिया। उन्होंने आग को मामूली बताया है।

मुंबई फायर ब्रिगेड के प्रमुख रविंद्र अंबुलगेकर ने बताया कि हवाई अड्डे पर भारी-भरकम केबलों और पैनलों में शार्ट सर्किट के कारण आग लगी। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति करने वाले भारी-भरकम केबलों और पैनलों की केबल ट्रे में आग लगी। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे कुछ वीडियो में आग से प्रभावित स्थल से घना काला धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है। हवाई अड्डे के टर्मिनल के अंदर भी धुआं देखा जा सकता था।

Search

Archives