कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से आज एक बेहद दुखद और खौफनाक खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-30 पर नाथिया नवागांव के पास दो तेज रफ्तार कारों के बीच हुई सीधी भिड़ंत में 6 लोगों की मौत हो गई है। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और इंजन के हिस्से तक सड़क पर बिखर गए। इस भयावह मंजर को देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय निवासियों ने साहस दिखाते हुए तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचित किया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला। 3 घायलों को तुरंत कांकेर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने के लिए ‘जंग’ लड़ रही है। घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने खुद मोर्चा संभाला और घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक तौर पर यह तेज रफ्तार के कारण हुई आमने-सामने की टक्कर का मामला लग रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या दुर्घटना किसी तकनीकी खराबी के कारण हुई या फिर ओवरटेकिंग की कोशिश में यह हादसा हुआ।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे जिले में शोक की लहर है। पुलिस अब मृतकों की शिनाख्त करने और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने में जुटी है। फिलहाल, हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया है और पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।







