Home » मतदान केंद्र पर मतदाताओं का हाई-टेक अंदाज में स्वागत, AI रोबोट ‘नीला’ का फीचर्स जान हो जाएंगे हैरान
देश

मतदान केंद्र पर मतदाताओं का हाई-टेक अंदाज में स्वागत, AI रोबोट ‘नीला’ का फीचर्स जान हो जाएंगे हैरान

विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान पुदुचेरी में मतदाताओं का स्वागत एक अनोखे और हाई-टेक अंदाज में हो रहा है। यहां के वीओसी सरकारी स्कूल में वोट डालने आ रहे मतदाताओं का स्वागत ‘नीला’ नाम की एक रोबोट कर रही है। यह रोबोट मतदान केंद्र पर आने वाले हर व्यक्ति का अभिवादन कर रही है।

पारंपरिक कपड़ों में सजी नीला के हाथ में फूलों की पंखुड़ियों से भरी एक थाली है। मतदान केंद्र के गलियारे में चलते हुए इस रोबोट ने हर आने वाले व्यक्ति का अभिवादन किया और उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।

रोबो मिरर कंपनी के कौशिक ने इस रोबोट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नीला एक इवेंट-आधारित रोबोट है। इसे खास तौर पर शादियों, दफ्तरों के काम और चुनावों जैसे बड़े मौकों के लिए तैयार किया गया है। इस रोबोट को चेन्नई और कोयंबटूर से यहां लाया गया है। नीला रोबोट में कई आधुनिक खूबियां मौजूद हैं। इसमें वॉयस फीचर लगा है, जिसकी मदद से यह खुद बात कर सकती है। इसमें पहले से कुछ निर्देश यानी कमांड फीड किए जाते हैं। जिससे यह पास खड़े लोगों को सुनाई देने वाली आवाज में बात करती है।

पुदुचेरी के जिला निर्वाचन अधिकारी ए कुलोथुंगन ने पीटीआई को बताया कि यह पहल मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए की गई है। निर्वाचन विभाग ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए इस रोबोट को तैनात किया है। रोबोट ने लोगों से 100 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल करने में मदद करने का आग्रह किया। इस हाई-टेक स्वागत को देखकर मतदान करने आए लोग काफी उत्साहित नजर आए। एक वरिष्ठ मतदाता ने कहा कि उन्होंने पहले कभी ऐसा उपाय नहीं देखा था। यह तकनीक लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने में बहुत सहायक साबित हो रही है।

Search

Archives