Home » दोस्त की हत्या कर शव को घर में दफनाया, फिर दिखाई देने लगा साथी का ‘भूत’, थाना पहुंचकर किया सरेंडर
छत्तीसगढ़

दोस्त की हत्या कर शव को घर में दफनाया, फिर दिखाई देने लगा साथी का ‘भूत’, थाना पहुंचकर किया सरेंडर

सरगुजा/अम्बिकापुर। दोस्त की हत्या, फिर पत्नी के साथ मिलकर शव को घर में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।   घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर इलाके की है। हत्या के करीब एक सप्ताह बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर हत्या की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे मृतक का “भूत” दिखाई दे रहा था। इसी डर के कारण उसने आत्मसमर्पण किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 24-25 मार्च की दरमियानी रात की है। मृतक बृजलाल अगरिया (35) शराब के नशे में अपने दोस्त मिथलेश कुजूर (37) के घर पहुंचा था। उसने मिथलेश को साथ बैठकर शराब पीने के लिए कहा। नवरात्र होने के कारण मिथलेश ने मना कर दिया, जिस पर दोनों में विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर झूमाझटकी हुई, जिसमें मिथलेश का मोबाइल फोन टूट गया। मोबाइल टूटने से गुस्साए मिथलेश ने पास रखे डंडे से बृजलाल के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बृजलाल की मौके पर ही मौत हो गई।

शव को छिपाने का प्रयास :  हत्या के बाद आरोपी मिथलेश ने पत्नी राजकुमारी (36) के साथ मिलकर शव छिपाने की योजना बनाई। उन्होंने घर में पहले से खोदे गए एक गड्ढे में शव को डाल दिया। इसके बाद गड्ढे को प्लाईबोर्ड से ढककर ऊपर मिट्टी डाल दी। पति-पत्नी कुछ दिनों तक घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां छिपे रहे। इस दौरान मिथलेश मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। उसे बार-बार दोस्त का “भूत” दिखाई देता था, जो अंतिम संस्कार कराने की बात कहता था। इसी डर और बेचैनी के कारण उसने थाने जाकर घटना की जानकारी दी।

मंगलवार रात मिथलेश गांधीनगर थाना पहुंचा और हत्या की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बुधवार सुबह नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम, न्यायिक मजिस्ट्रेट और फॉरेंसिक विशेषज्ञ आरोपी के घर पहुंचे। आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर खुदाई कराई गई, जहां से बृजलाल का शव बरामद हुआ। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को परीक्षण के लिए भेजा और आरोपी मिथलेश कुजूर व उसकी पत्नी राजकुमारी को गिरफ्तार कर लिया।

Search

Archives