बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ ऑटो में सफर के दौरान चोरी की घटना सामने आई है। देवरीखुर्द चौक निवासी प्रार्थी श्रद्धा भोई ने थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह बेबी केयर का काम करती है और 21 मार्च 2026 को अपने काम के सिलसिले में अग्रसेन चौक स्थित ग्लैक्सी सर्विस ऑफिस गई थी। वहां से अगले दिन आने को कहे जाने पर वह ऑटो से पुराना बस स्टैंड पहुंची।
पीड़िता के अनुसार पुराना बस स्टैंड से उन्होंने देवरीखुर्द तोरवा के लिए दूसरा ऑटो लिया। इस दौरान ऑटो चालक ने उनका बैग पीछे रख दिया और ऑटो में कुल तीन लोग सवार थे। शाम करीब 7 बजे जब वह अपने गंतव्य देवरीखुर्द पहुंचकर ऑटो से उतरी, तब पता चला कि उनका बैग गायब हो चुका है। बैग में सोने की एक अंगूठी, चांदी की तीन जोड़ी अंगूठियां, एक जोड़ी पायल, तीन चांदी के चेन, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक का एटीएम कार्ड, मोबाइल चार्जर और करीब 4 हजार रूपए नगद रखे थे। कुल मिलाकर लगभग 15 हजार रूपए का सामान की चोरी हुई है। घटना के बाद युवती ने अपने स्तर पर बैग की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 303 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही ऑटो चालकों से पूछताछ कर रही है।







