Home » कोटा हत्याकांड का खुलासा : पुरानी रंजिश बनी वजह, 6 आरोपी गिरफ्तार, हत्या कर शव को घसीटा
छत्तीसगढ़

कोटा हत्याकांड का खुलासा : पुरानी रंजिश बनी वजह, 6 आरोपी गिरफ्तार, हत्या कर शव को घसीटा

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम करगीखुर्द में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोहे का टंगिया और लकड़ी का फंटा जप्त किया है।

मामले की जानकारी के अनुसार मृतक मोहन पांडेय और आरोपी राजाराम साहू के बीच पहले लकड़ी चोरी कर होलिका में जलाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गाली गलौज और मारपीट की घटना भी हुई थी। इस पुराने विवाद से नाराज होकर आरोपियों ने सुनियोजित तरीक से हत्या की साजिश रची। दिनांक 22 मार्च को जब मोहन पांडेय अपने घर पहुंचा, तभी आरोपी टंगिया, लाठी और डंडा लेकर उसके घर पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से मोहन पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घसीटकर घर से आंगन में फेंक दिया।

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों शरद कौशिक ने जब बीच बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। हालांकि वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला। घटना की रिपोर्ट मिलते ही कोटा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 मार्च को सभी 6 आरोपियों राजाराम साहू, देवीप्रसाद साहू, प्रदीप साहू, आशा बाई साहू, वृंदा साहू और चेतराम साहू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
—-

Search

Archives