बिलासपुर। जिले के थाना हिर्री क्षेत्र में नेशनल हाईवे 130 पर हुए भीषण हादसे में एक ट्रक ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने हाईवा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन खड़ी करने का अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी उदेराम पटेल निवासी ग्राम रामपुर थाना चिचोला जिला राजनांदगांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका पुत्र हरीचंद्र पटेल पेशे से चालक था और स्वयं के आईसर वाहन सीजी 08 एटी 4397 को चलाता था।
28 फरवरी को वह अंबिकापुर से रायपुर की ओर माल लेकर निकला था। 1 मार्च की रात करीब 1.30 बजे हरीचंद्र का वाहन पेंड्रीडीह रतनपुर बाईपास एनएच 130 पर ग्राम अमसेना स्थित आईसर शोरूम के सामने पहुंचा। उसी दौरान सड़क के बीचोंबीच हाईवा सीजी 10 बीई 1650 को उसके चालक ने बिना संकेतक और बिना इंडिकेटर तथा बिना सुरक्षा चिह लगाए खड़ा कर दिया था। जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। बताया जा रहा है कि अंधेरा और बिना चेतावनी संकेत के कारण हरीचंद्र पटेल का वाहन सीधे हाईवा से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसके दोनों पैर, सीना, सिर और दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। राहगीरों और आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिजन थाना हिर्री पहुंचे और बाद में बिल्हा स्थित मरच्युरी में शव की पहचान की। पुलिस ने हाईवा चालक के खिलाफ धारा 106 और 285 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







