टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को भी क्रिकेट का रोमांच जारी रहेगा। अब विश्व कप चौथे दिन में पहुंच चुका है। लगातार तीन तीन मैच खेले जा रहे हैं। चौथे दिन भी तीन ही मुकाबले होने हैं। नीदरलैंड्स के खिलाफ करीब करीब हारा हुआ मैच जीतने के बाद अब पाकिस्तानी टीम अपने दूसरे मुकाबले के लिए मैदान में उतरेगी। सभी तीन मैच कब और कहां खेले जाएंगे, ये जान लीजिए।
चौथे दिन का पहला मुकाबला नीदरलैंड्स बनाम नामिबिया मैच
आईसीसी विश्व कप में चौथे दिन का आगाज नीदरलैंड्स बनाम नामिबिया मैच से होगा। नीदरलैंड्स ने अपने पिछले मैच में पाकिस्तान को कड़ी टक्कर दी थी और लगा रहा था कि वे मैच जीत जाएंगे, लेकिन अपनी ही गलती से वे मैच हार गए। नीदरलैंड्स बनाम नामिबिया मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। ये मैच सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगा।
न्यूजीलैंड बनाम यूएई मैच के बाद पाकिस्तान और यूएसए के बीच मुकाबला
इसके बाद आएगी दूसरे मैच की बारी। इसमें यूएई यानी संयुक्त अरब अमीरात की टीम न्यूजीलैंड के सामने होगी। ये मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होना है और इसका वक्त दोपहर तीन बजे से रहेगा। देखना होगा कि न्यूजीलैंड और यूएई की टीमें कैसा खेल दिखाती हैं। इसके बाद दिन का आखिरी मैच कोलंबो में खेला जाएगा। इसमें पाकिस्तान का मुकाबला यूएसए से होगा। ये एक बड़ा और अहम मुकाबला होगा। इससे पहले जब साल 2024 में पाकिस्तान और यूएसए की टीमें टी20 विश्व कप में आमने सामने आई थीं, तब यूएसए ने पाकिस्तान को पीटकर उलटफेर किया था।
यूएसए ने पहले ही मैच में किया था कमाल का प्रदर्शन
इस बार यूएसए की टीम ये आत्मविश्वास लेकर मैदान में उतरने जा रही है कि वे पाकिस्तान को फिर से हरा सकते हैं। यूएसए की टीम ने भारत के खिलाफ खेले गए पहले मैच में कमाल का खेल दिखाया था। टीम इंडिया को एक वक्त अमेरिका ने बैकफुट पर ला दिया था, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की एक जुझारू पारी ने उन्हें हरा दिया। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ यूएसए की टीम कैसा प्रदर्शन करेगी, ये देखना काफी दिलचस्प होगा।







