Home » थलापति विजय की आखिरी फिल्म, क्रेजी हुए फैंस, महंगा होने के बावजूद पहले शो के ज्यादातर टिकट सोल्ड आउट
मनोरंजन

थलापति विजय की आखिरी फिल्म, क्रेजी हुए फैंस, महंगा होने के बावजूद पहले शो के ज्यादातर टिकट सोल्ड आउट

तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय की आखिरी फिल्म ‘जना नायकन’ रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में आ चुकी है। पोंगल के शुभ अवसर पर 9 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही इस फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह इस कदर है कि एडवांस बुकिंग शुरू होते ही टिकटों की कीमतें आसमान छूने लगी हैं, खासतौर पर कर्नाटक में। बेंगलुरु में ‘जना नायकन’ के स्पेशल मॉर्निंग शोज के टिकट ₹1000 से लेकर ₹2000 तक बिक रहे हैं और इसके बावजूद ज्यायादातर शो पहले ही हाउसफुल हो चुके हैं।

एडवांस बुकिंग में खूब बिक रहीं टिकट :  दिलचस्प बात यह है कि जहां कर्नाटक में एडवांस बुकिंग का माहौल गर्म है, वहीं चेन्नई, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली जैसे बड़े शहरों में अभी तक टिकट बिक्री शुरू नहीं हुई है। केरल के कोच्चि में स्थिति थोड़ी अलग है, जहां सबसे महंगे टिकट की कीमत ₹350 तक है। तमिलनाडु में बुकिंग शुरू न होने की वजह तकनीकी बताई जा रही है। ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक फिल्म के मेकर्स अब भी CBFC से सेंसर सर्टिफिकेट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार CBFC ने फिल्म में कुछ बदलाव सुझाए हैं, जिसकी वजह से थिएटर मालिक आखिरी वक्त की परेशानियों से बचने के लिए टिकट रिलीज करने में सावधानी बरत रहे हैं। फिलहाल कर्नाटक, केरल और ओवरसीज मार्केट में ही एडवांस बुकिंग चालू है, लेकिन आने वाले दिनों में बाकी राज्यों में भी टिकट बिक्री शुरू होने की उम्मीद है।

राजनीति के लिए छोड़ रहे फिल्में :  एच विनोद द्वारा निर्देशित ‘जना नायकन’ में विजय के साथ ममिता बैजू, पूजा हेगड़े और बॉबी देओल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म विजय के करियर की आखिरी सिनेमाई पेशकश मानी जा रही है, क्योंकि इसके बाद वह पूरी तरह राजनीति में सक्रिय हो जाएंगे। विजय अपनी पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) के साथ इस साल तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। इसके अलावा इंडस्ट्री में यह भी चर्चा है कि ‘जना नायकन’ 2023 में आई अनिल रविपुडी की बालकृष्ण-स्टारर ‘भगवंत केसरी’ की रीमेक हो सकती है। हालांकि मेकर्स की ओर से इस पर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कुल मिलाकर ‘जना नायकन’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि विजय के फैंस के लिए एक भावनात्मक विदाई है और यही वजह है कि रिलीज से पहले ही इसने बॉक्स ऑफिस पर हलचल मचा दी है।

Search

Archives