कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोहड़िया निवासी मां और बेटी दर्री बाजार से सब्जी खरीदकर स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे हाइवा वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने हाइवा चालक की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए सड़क पर जाम लगा दिया और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल पुलिस हाइवा चालक की तलाश और मामले की जांच की जा रही है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।







