आंवला एक ऐसा फल है, जिसके अनगिनत लाभ होते हैं। आयुर्वेद में भी आंवला को बेहद महत्वपूर्ण औषधि बताया गया है। इसका इस्तेमाल कई तरह की बीमारियों का इलाज करने में किया जाता है।
ताकत बढ़ाने के लिए अक्सर विटामिन सी रिच आंवला का सेवन करने की सलाह दी जाती है। आंवला इम्यूनिटी को बूस्ट कर सर्दी-खांसी और वायरल इन्फेक्शन के खतरे को भी कम कर सकता है। आंवला में विटामिन सी, विटामिन ए, फाइबर, आयरन, कैल्शियम, फॉस्फोरस और एंटीऑक्सीडेंट समेत कई पोषक तत्वों की अच्छी खासी मात्रा पाई जाती है। बता दें कि आपको एक दिन में एक से दो आंवला का सेवन करना चाहिए। बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए सही मात्रा में और सही तरीके से आंवला का सेवन करना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं कि आंवला कंज्यूम करने से सेहत से जुड़ी किन समस्याओं को दूर किया जा सकता है।
दिल की सेहत करे मजबूत : क्या आप जानते हैं कि पोषक तत्वों से भरपूर आंवला शरीर को डिटॉक्स करने में फायदेमंद साबित हो सकता है? कोलेस्ट्रॉल लेवल पर काबू पाने के लिए आंवला खा सकते हैं यानी आंवला दिल की सेहत को मजबूत बनाए रखने में भी असरदार साबित हो सकता है।
डायबिटीज मैनेजमेंट: ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने के लिए आंवला का सेवन किया जा सकता है। इसका मतलब ये है कि डायबिटीज जैसी साइलेंट किलर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए भी पोषण से भरपूर आंवला एक अच्छा ऑप्शन है। इसके अलावा आंवला को आंखों के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। बता दें कि आंवला लिवर पर भी पॉजिटिव असर डाल सकता है। आवंले के सेवन से चेहरे पर चमक बढ़ाने और उम्र बढ़ने वाली कोशिकाओं को कम करने में भी मदद मिलती है।
कैंसर विरोधी गुण मौजूद : आंवले के अर्क में कैंसर विरोधी गुण होते हैं,जो कैंसर से बचाव करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही आंवला कोशिका उत्परिवर्तन को रोकने में भी मददगार साबित हो सकता है,जो ट्यूमर और कैंसर के विकास का कारण बनता है।
कैसे खाएं आंवला: एक दिन में 1-2 आंवला का सेवन करना काफी है। आंवला को कच्चा चबाकर खाया जा सकता है। अगर आप चाहें, तो आंवला का जूस बनाकर पी सकते हैं। अगर आप इन दोनों तरीकों से ही आंवला का सेवन नहीं करना चाहते हैं, तो आंवला का मुरब्बा या फिर कैंडी भी खाई जा सकती है। महज एक महीने तक हर रोज आंवला का सेवन करें, आपको खुद-ब-खुद पॉजिटिव असर महसूस होने लगेगा।







