कोरबा। जिले में गुरूवार की सुबह हसदेव नदी किनारे उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती ने जान देने की नीयत से नदी में छलांग लगा दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस और नगर सेना की टीम ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन युवती का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 9 बजे की है। काशीनगर निवासी राहुल का एमपी नगर अटल आवास में रहने वाली एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे। राहुल ने पुलिस को बताया कि उसके घर वाले इस रिश्ते के लिए राजी थे, लेकिन युवती के परिजन लगातार शादी से इंकार कर रहे थे।
बीती शाम युवक ने युवती की मां से बातचीत कर शादी की बात रखी थी। लेकिन वहां से इंकार मिला। इसके बाद गुरूवार सुबह राहुल और युवती बाइक से गेरवा घाट पुल पर पहुंची और वहां से पास के सर्वेश्वर एनीकट तक गए। यहां दोनों ने नदी में कूदकर जान देने का प्रयास किया। युवक कुछ दूरी पर नदी के बीच बने टापू में फंस गया। जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
नगर सेना की टीम ने युवक को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। युवक राहुल ने बताया कि उसके साथ युवती ने छलांग लगाई थी। फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम युवती की तलाश में जुटी हुई है। घटना से क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीनर हो गया।







