अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र की प्रसिद्ध फिल्म ‘शोले’ के पुनर्स्थापित 4K संस्करण का प्रीमियर शनिवार को टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (TIFF) के 50वें संस्करण में हुआ। फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान बॉबी देओल और इस फिल्म के निर्देशन रमेश सिप्पी शामिल हुए।
बॉबी देओल ने की पिता धर्मेंद्र की जगह शिरकत- अभिनेता बॉबी देओल ने अपने पिता धर्मेंद्र का प्रतिनिधित्व करते हुए इस प्रीमियर में हिस्सा लिया। उनके साथ फिल्म ‘शोले’ के निर्देशक रमेश सिप्पी, निर्माता शहजाद सिप्पी और फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन (FHF) के निदेशक शिवेंद्र सिंह डूंगरपुर भी मौजूद थे। बॉबी ने प्रशंसकों से मुलाकात की और उनके लिए ऑटोग्राफ भी दिए। FHF ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘शोले के पुनर्स्थापित संस्करण का TIFF के 50वें संस्करण में शानदार प्रीमियर हुआ। रमेश सिप्पी, बॉबी देओल, शहजाद सिप्पी और शिवेंद्र सिंह डूंगरपुर ने रेड कार्पेट पर प्रशंसकों का उत्साह बढ़ाया।’
बॉबी देओल का वर्कफ्रंट- बॉबी देओल के वर्कफ्रंट की बात करें तो जल्द ही बॉबी देओल फिल्म ‘जन नायकन’ में नजर आएंगे। ‘जन नायकन’ तमिल भाषा की राजनीतिक एक्शन थ्रिलर फिल्म है। इस फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है। इस फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस ने किया है। इस फिल्म में विजय, पूजा हेगड़े और बॉबी देओल मुख्य भूमिकाओं में हैं। इन सभी के अलावा फिल्म में ममिथा बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, नारायण और प्रियामणि भी हैं।







