मल्हार। चौकी क्षेत्र में स्थित लीलागर नदी में पानी के अंदर एक एक्टिवा मिली है, जिसे ग्रामीणों ने मिलकर पानी से बाहर निकाला। इसकी सूचना मल्हार पुलिस को दी गई है। पुलिस एक्टिवा मालिक की तलाश में जुट गई र्है।
मिली जानकारी के अनुसार मल्हार चौकी क्षेत्र के ग्राम अकोला स्थित लीलागर नदी एनीकट में शुक्रवार की सुबह गांव के बच्चे नहाने गए हुए थे। तभी नहाते वक्त एक बच्चे के पैर में किसी भारी वजनी सामान टकराने का अंदेशा हुआ। जिसके बाद इसकी सूचना पास में नहा रहे अन्य ग्रामीणों को दी गई। मौके पर पहुंचकर पानी में गहराई तक पहुंचे और एक्टिवा को बाहर निकाला गया। होंडा एक्टिवा बैगनी ब्लैक कलर की है। जिसके आगे पीछे नंबर नहीं है, जिससे ग्रामीण अंदेशा जता रहे हैं कि कोई अज्ञात व्यक्ति एक्टिवा को चोरी कर छुपाने के उद्देश्य से पानी में डाल दिया होगा, कुछ लोग किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल इसकी सूचना मल्हार पुलिस को दे दी गई है। जो अपने स्तर पर वाहन का इंजन नंबर जेएफ 91 ईडी 0009401 एमई 4 जेएफ 913एएलडी 009372 के आधार पर मालिक की तलाश में जुट गई है। वाहन मालिक के मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।







