बिलासपुर। सरकंडा और एसीसीयू पुलिस की संयुक्त टीम ने मात्र 6 घंटे के भीतर दो अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से गीता ज्वेलर्स से चोरी हुए सोने चांदी के जेवर और ओम मेडिकल से चोरी हुई नगदी रकम सहित कुल 3.5 लाख का माल बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार खमरतराई रोड स्थित गीता ज्वेलर्स के संचालक रितेश गुप्ता ने 8 अगस्त को सरकंडा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अगस्त की रात करीब 9.40 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह 8 बजे मकान मालिक ने फोन कर ताले टूटने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर पाया कि दुकान से सोने चांदी के आभूषण और 3 हजार चोरी हो चुके थे। इसी प्रकार ओम मेडिकल के संचालक केशव प्रसाद साहू ने भी शिकायत दर्ज कराई थी कि रात 9.30 बजे दुकान बंद कर घर चले जाने के बाद सुबह 7.30 बजे ताला टूटा हुआ मिला और काउंटर से 2,700 रूपए की चोरी हो गई। दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को जानकारी दी गई। जिन्होंने एसीसीयू टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी बीच मुखबीर से सूचना मिली कि आरोपी स्वर्णिम ऐरा कॉलोनी में मजदूरी करता है। टीम ने दबिश देकर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। चोरी के सोने चांदी के जेवर तथा नकदी बरामद की गई। पुलिस ने विधिवत जप्ती कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशु लहरे उर्फ ढोलू 25 वर्ष निवासी ससहा रोड पामगढ़ हाल निवासी दीनदयाल कॉलोनी मंगला बस्ती सिविल लाइन बिलासपुर के रूप में हुई है।







