Home » कक्षा 6वीं में पढ़ने वाली छात्रा से दुष्कर्म, तबीयत बिगड़ने पर हुआ खुलासा, नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
कोरबा

कक्षा 6वीं में पढ़ने वाली छात्रा से दुष्कर्म, तबीयत बिगड़ने पर हुआ खुलासा, नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। कक्षा 6वीं में पढ़ने वाली छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को 14 साल के नाबालिग लड़के ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। परिजनों को इस घटना की जानकारी तब हुई जब पीड़ित छात्रा की तबीयत बिगड़ी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद जब पुलिस और परिजन मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचे तो वहां मौजूद महिला डॉक्टर ने जांच करने से इनकार कर दिया। जिसके चलते पुलिस और परिजन घंटों भटकते रहे।

उच्च अधिकारियों का फोन आने के बाद देर रात नाबालिग लड़की की मेडिकल जांच हो सकी। जानकारी के मुताबिक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का यह मामला सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र का है। बताया जा रहा है कि 14 साल के नाबालिग लड़के ने कक्षा 6 में पढ़ने वाली छात्रा के साथ दो बार दुष्कर्म किया। छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर घटना की जानकारी हुई।

इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे, उन्होंने आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद महिला पुलिस कर्मी और परिजन छात्रा की मेडिकल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि यहां मौजूद सीनियर महिला डॉक्टर ने छात्रा की जांच करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस और परिजन पीड़िता की मेडिकल जांच के लिए भटकते रहे। मामले की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। जिसके बाद जिला मेडिकल प्रबंधन के अधिकारियों से बात करने के बाद रात 11:30 बजे पीड़िता की मेडिकल जांच हो सकी।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि बालिका के साथ गलत होने की सूचना मिलने के बाद शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की गई, जहां इस मामले में अपचारी बालक को गिरफ्तार किया गया। वहीं मेडिकल कॉलेज की सह अधीक्षक रविकांत जाटव का कहना है कि रात 10 बजे लगभग पुलिस विभाग से फोन आया कि मुलाहिजा नहीं किया जा रहा है जहां संबंधित विभाग के अध्यक्ष से बातचीत की गई और जानकारी लेने के बाद उन्हें कहा गया फिर भी रात लगभग 11:30 के बाद मुलाहिजा हुआ है जो की काफी विलंब से हुआ है इसके लिए आगे जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Search