तमिल के मशहूर स्टंटमैन एस एम राजू की मौत के बाद अब पुलिस ने एक्शन लेते हुए मामले में केस दर्ज किया है। ये हादसा अभिनेता आर्य और निर्देशक पा. रणजीत की फिल्म के सेट पर हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अब इस मामले में फिल्म निर्देशक पा. रणजीत सहित तीन अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
शुरुआती जांच के बाद पा. रणजीत, स्टंट कोरियोग्राफर राजकमल, नीलम प्रोडक्शन और एक और व्यक्ति प्रभाकरण के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए अब पुलिस ने इसे और कड़ा कर दिया है। अब आरोपियों पर धारा 289 (लापरवाही से की गई कार्रवाई), धारा 125 (अपराध के लिए उकसाना) और धारा 106(1) (गैर इरादतन हत्या) के तहत केस दर्ज किया गया है।
क्या है मामला?
घटना तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले के कीलैयूर इलाके में हुई, जहां ‘नीलम प्रोडक्शंस’ द्वारा आयोजित फिल्म की शूटिंग चल रही थी। स्टंट सीक्वेंस के दौरान राजू को एक कार पलटने के एक सीन को अंजाम देना था, लेकिन इस खतरनाक स्टंट को करते समय वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत नागपट्टिनम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कई दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि- फिल्म इंडस्ट्री में एसएम राजू की पहचान एक साहसी स्टंट आर्टिस्ट के रूप में थी। उन्होंने कई बड़ी फिल्मों के लिए स्टंट्स किए थे। उनके असमय निधन से पूरे सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। अभिनेता और निर्देशक सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि राजू जैसे कलाकारों के बिना कई जादुई सीन संभव ही नहीं हो सकते थे। वहीं अभिनेता विशाल ने ‘एक्स’ पर लिखा कि राजू वर्षों से उनकी फिल्मों में खतरनाक स्टंट करते रहे हैं और वो एक बहादुर इंसान थे। उन्होंने राजू के परिवार को सहायता का आश्वासन भी दिया। स्टंट कोरियोग्राफर सिल्वा ने भी अपने साथी कलाकार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि भारतीय फिल्म उद्योग ने एक अनमोल रत्न को खो दिया है।







