Home » अमेरिका से करीब डेढ़ करोड़ के सोने की तस्करी कर रहा था एयर इंडिया का क्रू मेंबर
दिल्ली-एनसीआर देश

अमेरिका से करीब डेढ़ करोड़ के सोने की तस्करी कर रहा था एयर इंडिया का क्रू मेंबर

मुंबई एअरपोर्ट पर हुआ गिरफ्तार

नई दिल्ली। मुंबई के एअरपोर्ट पर डीआरआई ( राजस्व खुफिया निदेशालय) ने एक बड़ी कर्रवाई करते हुए एअर इंडिया के एक पुरुष क्रू मेंबर को सोने की तस्करी के आरोप में पकड़ा है। यह क्रू मेंबर न्यूयॉर्क से आने वाली फ्लाइट एआई-116 से 13 जून को मुंबई पहुंचा था।

कहां छिपाया था सोना?

हालांकि, शुरुआती जांच में कुछ नहीं मिला है, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि उसने एक पाउच में विदेशी सोने की सिल्लियां काली टेप में लपेटकर एअरपोर्ट के बैगेज सर्विस एरिया में छिपा दी थी। क्रू मेंबर ने यह काम तब किया था, जब उसका ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट हो रहा था।

इसके बाद डीआरआई अधिकारियों ने उस स्थान की जांच की जहां के बारे में क्रू मेंबर ने जानकारी दी थी, जहां से पाउच बरामद किया गया, जिसमें 1,373 ग्राम विदेशी सोना था। इसकी कीमत लगभग 1.42 करोड़ रूप्ए बताई गई है। आरोपी ने यह भी माना कि उसने पहले भी कई बार सोने की तस्करी की है। डीआरआई अधिकारियों ने जांच के बाद सोने की तस्करी रैकेट के मास्टर माइंड को भी गिरफ्तार किया है, जिसने एअरलाइन स्टाफ को तस्करी के लिए भर्ती किया था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने कई बार एअरलाइन स्टाफ की मदद से सोने की तस्करी करवाई है।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कस्टम्स एक्ट के तहत हिरासत में ले लिया गया है और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले को लेकर डीआरआई की जांच अभी भी जारी है और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है।

Search