पचपेड़ी। थाना पचपेड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धुर्वाकारी निवासी रामनारायण भारद्वाज जो ग्राम पचपेड़ी में मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं, एवं केंवतरा मस्तुरी जोंधरा मार्ग में फ्लाई ऐश ब्रिक्स का भी व्यवसाय करते हैं। वे एक बड़ी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए।
रामनारायण ने बताया कि 26 मई को अपनी ब्रिक्स यूनिट के लिए सीमेंट खरीदने हेतु गूगल पर अंबुजा सीमेंट लिमिटेड का संपर्क नंबर सर्च किया। वहां मिले एक मोबाईल नंबर पर संपर्क करने पर अनिकेत वर्मा नामक व्यक्ति से बात हुई, जिसने खुद को अंबुजा सीमेंट का प्रतिनिधि बताया। उसने उन्हें एक फर्जी इनवाइस भेजा, जिसमें कंपनी का नाम जीएसटी नंबर, पता और बैंक खाता विवरण दर्ज था। रामनारायण ने पहले 600 बोरी सीमेंट के लिए 1,59,000 रूपए तथा फिर 400 बारियों के लिए 96,000 रूपए कुल 2,55,000 रूपए यूसीओ बैंक के खाते में ट्रांसफर कर दिए। लेकिन बाद में आरोपी ने और राशि मांगते हुए डिलीवरी से इंकार कर दिया, जिससे रामनारायण को शक हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।
उन्होंने 28 मई को थाना पचपेड़ी में इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर सेल बिलासपुर की मदद से संदिग्ध खाते को फ्रीज किया गया, जिसमें 47,092 रूपए होल्ड हो पाए हैं। अंततः 3 जून को थाना पचपेड़ी में आईपीसी की धारा 318 बीएनएस के तहत अनिकेत वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







