नई दिल्ली। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। सिल्वर स्क्रीन पर फैंस को कई सालों तक अपना दीवाना बनाने के बाद अब दिग्गज अभिनेता राजनीति में भी योगदान दे रहे हैं। मगर इस बीच उनको लेकर हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। हाल ही में एक्टर को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की तरफ से बड़ा झटका लगा है।
मुंबई नगर निगम अधिनियम की धारा 351 (1 ए) के तहत 10 मई को जारी इस नोटिस के अनुसार, मिथुन को अपने घर के कंसट्रक्शन को वैध साबित करना होगा। अगर वो ऐसा करने में असफल हो जाते हैं, तो बीएमसी इस संरचना को तोड़कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीएमसी मढ़ क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है। इस क्षेत्र में लगभग 101 अवैध निर्माणों का पता लगाया गया है, जिनमें से कई कथित रूप से जाली दस्तावेजों के आधार पर बनाए गए हैं। बीएमसी का लक्ष्य मई के अंत तक इन सभी अवैध निर्माणों को हटाना है।







