मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, छात्र लंबे समय से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। कई प्रयासों के बावजूद सफलता नहीं मिलने के कारण वह मानसिक तनाव में था। गुरुवार रात वह अपने कमरे में पढ़ाई करने गया था, लेकिन शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो छात्र का शव फंदे से लटका मिला।
जांच के दौरान पुलिस को छात्र के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसे उसने आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में छात्र ने कहा है कि वह नीट परीक्षा पास नहीं कर पा रहा था, जिससे वह मानसिक दबाव में था। उसने वीडियो में यह भी स्पष्ट किया कि उसकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। घटनास्थल से अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को है नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा
ध्यान देने वाली बात यह है कि यह पूरा मामला तब सामने आया है जब देश और विदेश में रविवार, 21 जून को नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा होने वाली है और 22.79 लाख से ज्यादा उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होंगे। हमेशा की तरह, यह मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट पेन-एंड-पेपर (ऑफलाइन) मोड में आयोजित किया जाएगा। परीक्षा दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी। वहीं, पीडब्ल्यूडी और पीडब्यूबीडी कैटेगरी के योग्य छात्रों को नियमों के अनुसार अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जिससे वे शाम 6.20 बजे तक अपनी परीक्षा पूरी कर सकेंगे।
नोट:यदि आपके या आपके किसी परिचित के मन में आत्महत्या के विचार आ रहे हैं, तो यह एक गंभीर स्थिति है। मदद के लिए तत्काल टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 या 1-800-891-4416 पर संपर्क करें। समय पर सहायता और संवाद जीवन बचा सकते हैं।







