भारत और श्रीलंका के बीच ACC वूमेन्स एशिया कप 2026 का फाइनल खेला जाना है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम की नजरें रिकॉर्ड आठवें एशिया कप खिताब पर टिकी हैं। भारत के लिए खिताबी मुकाबला काफी अहम है।
टीम इंडिया 2024 के फाइनल में श्रीलंका के हाथों मिली 8 विकेट की हार का बदला लेने के इरादे से उतरेगी। दूसरी ओर, चमारी अटापट्टू की अगुवाई वाली श्रीलंकाई टीम क के सामने खिताब बचाने की चुनौती होगी। दोनों टीमों ने इस टूर्नामेंट में अब तक कोई मैच नहीं गंवाया है।
दीप्ति शर्मा कर रही कमाल : गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 11 विकेट झटके हैं और श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। दीप्ति ने बल्ले से भी उपयोगी योगदान दिया है। बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने सिर्फ 6 गेंदों पर 13 रन बनाकर भारत के स्कोर को 150 रन के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। दीप्ति के साथ श्री चरणी और प्रेमा रावत ने भी स्पिन विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया है। दुबई की परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय स्पिन गेंदबाजी फाइनल में भी निर्णायक साबित हो सकती है।
कब और कहां खेला जाएगा फाइनल? : भारत और श्रीलंका के बीच वूमेन्स एशिया कप 2026 का फाइनल रविवार यानी 13 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा।







