Home » महिला टी20 विश्वकप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम इंग्लैंड, विंडीज को 38 रनों से हराया
खेल

महिला टी20 विश्वकप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम इंग्लैंड, विंडीज को 38 रनों से हराया

इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को 38 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मेजबान टीम मौजूदा महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम भी बन गई। ग्रुप-दो के मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 186 रन बनाए, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 148 रन ही बना सकी। डैनी व्याट-हॉज की शानदार अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन ने इंग्लैंड की जीत की नींव रखी। व्याट-हॉज को उनकी 65 रन की मैच जिताऊ पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

व्याट-हॉज और नाइट ने संभाली इंग्लैंड की पारी :  टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत झटकेदार रही। एमी जोन्स जल्दी पवेलियन लौट गईं, लेकिन इसके बाद डैनी वायट-हॉज ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 42 गेंदों में 65 रन बनाए, जिसमें कई आकर्षक चौके शामिल रहे। व्याट-हॉज को अनुभवी बल्लेबाज हीदर नाइट का भी अच्छा साथ मिला। नाइट ने 26 गेंदों पर 43 रन की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों ने मध्यक्रम में महत्वपूर्ण साझेदारियां कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वेस्टइंडीज की ओर से ऑफ स्पिनर अश्मिनी मुनीसर सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने चार ओवर में 42 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

इंग्लैंड के स्पिनरों ने कसा शिकंजा :  187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज को कप्तान हेले मैथ्यूज के रूप में बड़ा झटका लगा। मैथ्यूज 14 रन बनाकर आउट हुईं। उनके आउट होने को लेकर विवाद भी देखने को मिला, क्योंकि डीआरएस में अल्ट्राएज और वीडियो रिप्ले को लेकर सवाल उठे। इसके बाद डिएंड्रा डॉटिन ने कुछ आक्रामक शॉट लगाए, लेकिन इंग्लैंड के स्पिनरों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मैच पर पकड़ बनाए रखी। चार्ली डीन ने दो विकेट लेकर वेस्टइंडीज की रन गति पर ब्रेक लगाया। सोफी एक्लेस्टोन और लिन्सी स्मिथ ने भी किफायती गेंदबाजी की। तेज गेंदबाज लॉरेन बेल ने भी अहम विकेट हासिल किया।

हेनरी और क्लैक्सटन की जुझारू साझेदारी :  मध्यक्रम में चिनेल हेनरी और जहजारा क्लैक्सटन ने पांचवें विकेट के लिए 63 रन जोड़कर संघर्ष जरूर किया। हेनरी ने नाबाद 51 रन की पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त समर्थन नहीं मिला। आखिरकार वेस्टइंडीज निर्धारित 20 ओवर में 148/5 तक ही पहुंच सकी और इंग्लैंड ने मुकाबला 38 रन से अपने नाम कर लिया।
ग्रुप-2 की अंक तालिका का हाल:  इस जीत के साथ इंग्लैंड महिला टीम ने लगातार चौथी जीत दर्ज करते हुए आठ अंकों के साथ ग्रुप-दो में शीर्ष स्थान बरकरार रखा और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वेस्टइंडीज छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और उसकी नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी कायम हैं।

टीममैचजीतेहारेबेनतीजाअंकनेट रन रेट
इंग्लैंड44008+2.342
वेस्टइंडीज43106+0.008
न्यूजीलैंड42204+0.122
श्रीलंका42204-0.973
स्कॉटलैंड41302-0.236
आयरलैंड40400-1.277

Search

Archives