महाराजा ट्रॉफी 2026 में 25 जून को कोस्टल किंग्स मेंगलुरु का सामना मैसूर वॉरियर्स से हुआ। इस मैच में कोस्टल किंग्स की टीम 6 विकेट से एक आसान जीत दर्ज करने में कामयाब रही। टीम की इस जीत में करुण नायर और श्रेयस गोपाल की भूमिका अहम रही। दोनों बल्लेबाजों ने इस मुकाबले में तूफानी बल्लेबाजी की और टीम को जीत दिलाई। बता दें कि पहले बल्लेबाजी करते हुए मैसूर वॉरियर्स की टीम ने मेंगलुरु के सामने 192 रन का टारगेट रखा था।
करुण नायर की बात करें तो वह इस मुकाबले में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। उन्होंने 32 गेंदों में 190.62 की शानदार स्ट्राइक रेट के साथ 61 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके लगाए और साथ ही में वह 3 छक्के भी लगाने में कामयाब रहे थे। हालांकि उनके आउट होने के बाद श्रेयस गोपाल ने बैटिंग जारी रखी। उन्होंने 43 बॉल पर नाबाद 84 रनों की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके और 3 छक्के लगाए। इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 195.35 का रहा। दोनों की ये पारी टीम के लिए मैच विनिंग साबित हुई।
गोपाल और नायर के बीच हुई 123 रन की पार्टनरशिप : टारगेट का पीछा करने उतरी मेंगलुरु की टीम को इस मैच में शुरुआत अच्छी नहीं मिली थी। 42 के स्कोर पर टीम के 3 बल्लेबाज आउट होकर पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद करुण नायर और श्रेयस गोपाल ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। चौथे विकेट के लिए दोनों के बीच 60 बॉल पर 123 रन की पार्टनरशिप हुई। इन दोनों को इस साझेदारी के बदौलत मेंगलुरु टीम इस मैच में आखिरी ओवर में जीत दर्ज करने में कामयाब रही। कोस्टल किंग्स मेंगलुरु के लिए यह 4 मैचों में दूसरी जीत है।
गेंदबाजी में भी श्रेयस गोपाल को मिले दो विकेट : इससे पहले मैसूर वॉरियर्स की टीम ने LR चेतन की अर्धशतकीय पारी के बदौलत 20 ओवर में 191 रन बनाए। उनके अलावा युवराज अरोरा ने 37, विशाल ओनाट ने 23 रन बनाए। मेंगलुरु की बॉलिंग की बात करें तो वहां वासुकी कौशिक ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं श्रेयस गोपाल ने दो विकेट अपने नाम किए। गोपाल ने बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी कमाल का प्रदर्शन किया।







