Home » एशियन गेम्स : नेपाल ने मंगोलिया खिलाफ टी20 मैच में बनाए 314 रन, बने 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड
खेल

एशियन गेम्स : नेपाल ने मंगोलिया खिलाफ टी20 मैच में बनाए 314 रन, बने 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड

नई दिल्ली। एशियन गेम्स में  क्रिकेट में ग्रुप ए में नेपाल और मंगोलिया के बीच खेले गए टी20 मैच में कई बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड बने और टूटे हैं. क्रिकेट का ककहरा समझने में जुटी मंगोलियाई टीम को नेपाल की टीम ने 273 रनों से शिकस्त देकर खेल का असली स्वाद चखा दिया.

हांगझोऊ में झेजियांग यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी क्रिकेट फील्ड में खेले गए मैच में नेपाली बल्लेबाज कुशल मल्ला ने जहां टी20 इंटरनेशनल का सबसे तेज शतक ठोका तो वहीं दिपेंद्र सिंह ऐरी ने सबसे तेज फिफ्टी रन बनाए. कुशल मल्ला ने जहां रोहित शर्मा, डेविड मिलर और सुदेश विक्रमशेखर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा तो वहीं दिपेंद्र ने युवराज सिंह का 16 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर डाला. दिपेंद्र ने 10 गेंदों पर नॉटआउट 52 रन बनाकर लौटने से पहले महज 9 गेंदों पर ही पचासा ठोक दिया था.

अर्द्धशतक के साथ शतक का भी टूटा रिकॉर्ड

टी20 इंटरनेशनल में अंग्रेज स्टूअर्ट ब्रॉड की छह गेंदों पर मारे गए छह छक्के किसे याद नहीं है. 2007 वर्ल्ड कप में बनाए गए इस रिकॉर्ड को दिपेंद्र ने एशियन गेम्स में धो डाला. इसी तरह टी20 इंटरनेशनल में ऐसे ही सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड रोहित, मिलर और विक्रमशेखर के नाम दर्ज था, इन तीनों ने 35-35 गेंदों पर शतक लगाया था. नेपाल के कुशल मल्ला ने महज 34 गेंदों पर शतक लगाकर इन तीनों को पीछे छोड़ दिया.

बना डाले 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड

मैच की बात करें तो नेपाल ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 314 रन बना डाले, जवाब में मंगोलिया की टीम महज 41 रनों पर ही ऑलआउट हो गई. नेपाल की ओर से करन केसी, अविनाश बोहरा और संदीम लामिछने ने दो-दो विकेट चटकाए. एशियन गेम्स में नेपाल, मंगोलिया, मालदीव ग्रुप-ए में, कंबोडिया, हांगकांग, जापान ग्रुप बी में और मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड ग्रुप सी में हैं.

Search