ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को डबल झटका लगा है। एक तरफ जहां उनके स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने अचानक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। वहीं, एक और दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को लेकर खबर है कि चोटिल होने के कारण वो भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली सीमित ओवर क्रिकेट सीरीज के साथ-साथ न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज से भी बाहर हो गया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार सुबह घोषणा की कि उनके टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीमित ओवरों की सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे। बोर्ड ने इस निर्णय का कारण उनकी पूरी तरह से फिटनेस पर ध्यान देना बताया, ताकि वह आगामी एशेज सीरीज के लिए तैयार हो सकें।
बोर्ड की आधिकारिक घोषणा में कहा गया, ‘कमिंस को भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीमित ओवरों की सीरीज के लिए चयन में शामिल नहीं लिया जाएगा। वह अपनी रिहैबिलिटेशन योजना पर ध्यान देंगे और गेंदबाजी में वापसी का समय एशेज की तैयारी को ध्यान में रखते हुए तय किया जाएगा।
कमिंस का टीम में न होना ऑस्ट्रेलिया के लिए झटका हो सकता है। हाल ही में किए गए स्कैन में उनकी पीठ के निचले हिस्सों में हड्डियों में तनाव पाया गया है। हालांकि, इसे स्ट्रेस फ्रैक्चर नहीं बताया गया है। यह चोट चिंताजनक है क्योंकि उनका वनडे और टी20 में शारीरिक भार पहले ही काफी बढ़ चुका था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही उन्हें वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज से आराम दिया था, लेकिन पिछले टेस्ट दौरे के बाद उनकी पीठ में दर्द बना रहा और अब उसकी गंभीरता सामने आई है।







