जयपुर शहर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में नमाज के दौरान एक दीवार गिरने से 12 युवक मलबे के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए। सभी 12 युवकों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कांवटिया अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद 6 युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और राहत कार्य में सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
यहां इन छह घायलों का इलाज जारी
गंभीर रूप से घायल छह लोगों को इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। इनमें रुस्तम (40), ईशान (34), खुर्शीद (25), सुहैल (25), इमाम जफर (20) और इकबाल (18) शामिल हैं।
जानें क्या बोले प्रत्यक्षदर्शी फैजान?
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कुछ लोग नमाज अदा करने के बाद बाहर आ रहा था। उसी समय कुछ बच्चे दीवार के पास खड़े थे, जबकि कुछ महिलाएं नीचे बैठी हुई थीं। अचानक दीवार का आधा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया, जिससे बच्चे और महिलाएं मलबे के नीचे दब गए। हालांकि हादसे के बाद वहां भगदड़ नहीं मची। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मिलकर घायलों को मलबे से बाहर निकालना शुरू कर दिया। उस समय मस्जिद परिसर में करीब एक हजार लोग मौजूद थे।







