नई दिल्ली। लोकसभा और फिर राज्यसभा में परीक्षा संशोधन विधेयक पास होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी किया। वीडियो में पीएम मोदी ने पेपर लीक माफियाओं को सख्त संदेश देते हुए देश की परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह से मजबूत और पारदर्शी बनाने के संकल्प पर जोर दिया।
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने इस बिल के पास होने को देश के लिए एक ऐतिहासिक पल बताया है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के सपने को पूरा करने के लिए देश को मिलकर आगे बढ़ना होगा और परीक्षा प्रणाली को सुधारने के लिए अभी कई और कदम उठाए जाएंगे।
पेपर लीक माफियाओं को सख्त संदेश
जारी वीडियो में पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार पेपर लीक करने वाले अपराधियों और गिरोहों को किसी भी कीमत पर बख्शेगी नहीं और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘विकसित भारत’ के सपने को पूरा करने के लिए हम सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाना होगा।
देश में दशकों से पेपर लीक की समस्याएं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने वीडियो में बताया कि देश में केंद्र और राज्य स्तर पर दशकों से पेपर लीक की समस्याएं चली आ रही थीं, जिसके चलते परीक्षा सुधार लाना बेहद जरूरी हो गया था। उन्होंने कहा कि हमने संसद में यह बिल पेश किया था। जैसा कि मैंने वादा किया था, संसद के दोनों सदनों में भारी संख्या में सांसदों की मौजूदगी और विस्तृत चर्चा के बाद इसे पारित कर दिया गया है।







