विशाखापट्टनम। विशाखापत्तनम में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) रिफाइनरी में अचानक हुए धमाकों की आवाजों के बाद वहां भीषण आग लग गई।
आग के कारण आसपास के इलाकों में घना धुआं फैल गया, जिससे वहां रहने वाले लोगों के बीच अफरा तफरी मच गई और इलाके को खाली कराया गया। बताया जा रहा है कि आग एक सल्फर पिच टैंक में लगी है।
विशाखापत्तनम के पुलिस कमिश्नर शंखब्रत बागची ने इस घटना की पुष्टि की और कहा कि आग सिर्फ टैंक तक ही सीमित है और इससे रिफाइनरी के बाकी हिस्सों को कोई खतरा नहीं है।
एचपीसीएल की दमकल गाड़ियां और अन्य अग्निशमन टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। अधिकारियों ने बताया कि धुएं को खतरनाक नहीं माना जा रहा है और अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग बुझाने का काम जारी है और अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।







