बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक BMTC (महानगर परिवहन निगम) बस में अचानक आग लग गई। यह घटना बेंगलुरु के एचएएल के मैन गेट के पास सोमवार सुबह करीब 5:10 बजे हुई। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, चालक की त्वरित कार्रवाई के कारण सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए और बड़ी घटना टल गई।
मिली जानकारी के अनुसार जो बीएमटीसी बस आग में जलकर खाक हुई, वह बस संख्या KA57 F 4568 थी। यह बस मैजेस्टिक से काडुगोडी जा रही थी और उस वक्त उसमें 60 से ज्यादा यात्री सवार थे। बस के इंजन से पहले धुआं दिखाई दिया, जिसके बाद चालक और परिचालक ने तुरंत ही बस को रोका और सभी यात्रियों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी। उनकी सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई की वजह से सभी यात्री इस भीषण हादसे से बच गए। इसके बाद धीरे-धीरे आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर पूरी तरह से खाक हो गई। बस में लगी आग की जानकारी मिलने के बाद, एचएएल के दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग पर जब तक काबू पाया गया, बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
बीएमटीसी ने हादसे की जांच शुरू की- बीएमटीसी (Bangalore Metropolitan Transport Corporation) ने हादसे की गंभीरता को समझते हुए आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा बेंगलुरु में एक बड़ी दुर्घटना की ओर बढ़ सकता था, लेकिन चालक की सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।







