रीवा। लोकायुक्त पुलिस टीम ने शनिवार की शाम सीधी जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। निरीक्षक उपेंद्र दुबे के नेतृत्व में मझौली थाना परिसर से सहायक उपनिरीक्षक (ASI) कमलेश त्रिपाठी को 20 हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया गया।
लोकायुक्त टीआई उपेंद्र दुबे ने बताया कि ग्राम टेकर निवासी पंकज तिवारी ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि उन्होंने अपने चेक से संबंधित जानकारी पाने के लिए आरटीआई लगाई थी, लेकिन जानकारी देने के एवज में ASI कमलेश त्रिपाठी द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
लोकायुक्त टीम ने पहले शिकायत का सत्यापन किया और पाया कि रिश्वत की मांग वास्तविक है। इसके बाद शनिवार को शाम करीब 7 बजे ट्रैप की कार्रवाई की गई। जैसे ही एएसआई ने रिश्वत की राशि ली, लोकायुक्त पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सीधी के सर्किट हाउस ले जाया गया, जहां देर रात तक पूछताछ की प्रक्रिया चलती रही।
टीआई उपेंद्र दुबे ने स्पष्ट किया कि लोकायुक्त का मकसद शासन-प्रशासन में पारदर्शिता कायम रखना है। उन्होंने कहा कि रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ हमारी कार्रवाई लगातार जारी है। भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।







