बड़वानी। पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 31 अगस्त 2025 को सेंधवा पुलिस ने दबिश दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में टीम ने अंतरराज्यीय हथियार नेटवर्क का खुलासा किया।
थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण निरीक्षक ओ.पी. सिंह चौंगडे की अगुवाई में टीम ने मुखबिर की सूचना पर सेंधवा पीपलधार बायपास पर कार्रवाई की। इस दौरान सांगली, महाराष्ट्र निवासी औंकार पिता प्रकाश हिंगने 23 वर्ष, जाति मराठा और ग्वालियर के न्यू सुरेश नगर निवासी अभिषेक पिता रमाकांत उच्चारीया को पकड़ा गया। तलाशी में दोनों के पास से छह नग 32 बोर की देशी पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2,30,000 रुपये आंकी गई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 25(1) और 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।







