शहडोल। एआई का उपयोग अब अपराध के लिए भी किया जाने लगा है। मध्य प्रदेश के शहडोल में 18 वर्षीय लड़की की तस्वीरों से छेड़छाड़ करने और ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस के हवाले से बताया गया कि इस संबंध में मंगलवार को दो किशोर लड़कों को हिरासत में लिया गया है। वारदात में पीड़िता के मकान मालिक का बेटा भी शामिल है, जिसने कथित तौर पर उसकी तस्वीर से छेड़-छाड़ की।
कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि आरोपियों में उस घर के मालिक का एक नाबालिग बेटा भी शामिल है, जहां पीड़िता किरायेदार के रूप में रह रही थी। उन्होंने कहा कि नाबालिग लड़के ने कथित तौर पर लड़की की तस्वीरें खींची और एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता-संचालित ऐप का उपयोग करके उन्हें अश्लील तस्वीरों में बदल दिया। आरोपी ने लड़की के साथ दुष्कर्म करना शुरू कर दिया और अपने दोस्त को भी इसमें शामिल कर लिया।
ब्लैकमेल कर किया दुष्कर्म
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों ने नर्सिंग छात्रा की तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। अधिकारी ने बताया कि उनके मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिए गए हैं।







