Home » इंदौर के नवदंपति शिलांग में रहस्यमय ढंग से लापता, संवेदनशील इलाके में लावारिस मिली एक्टिवा
मध्यप्रदेश

इंदौर के नवदंपति शिलांग में रहस्यमय ढंग से लापता, संवेदनशील इलाके में लावारिस मिली एक्टिवा

पहले भी यहां पर्यटकों के लापता होने की घटनाएं हो चुकी हैं

इंदौर। शादी के बाद इंदौर से हनीमून मनाने शिलांग गए इंदौर के दंपति के चार दिन से लापता होने का मामला मुख्यमंत्री मोहन यादव तक पहुंचा है। उन्होंने इस मामले में चिंता जताते हुए मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा से फोन पर चर्चा की है। संगमा ने कहा है कि शिलांग प्रशासन इस मामले में गंभीर है और दोनो का पता लगा रहे है।

मुख्यमंत्री यादव ने एक्स पर इस बारे में पोस्ट करते हुए कहा कि मैने मध्य प्रदेश के वरिष्ठ अफसरों को निर्देश दिए है कि वे शिलांग पुलिस के संपर्क में रहे। उन्होंने लिखा कि हमारी प्रार्थना है कि राजा और सोनम सकुशल वापस आ जाए।

इंदौर के नवविवाहित दंपति राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी अपने हनीमून के दौरान शिलांग में रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। दोनों ने 11 मई को इंदौर में शादी की थी और 20 मई को हनीमून के लिए रवाना हुए थे। वे बेंगलुरु होते हुए गुवाहाटी पहुंचे, जहां उन्होंने मां कामाख्या देवी के दर्शन किए, और फिर 23 मई को शिलांग पहुंचे। 24 मई के बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है।

लापता दंपति की तलाश में जुटी पुलिस

शिलांग पुलिस ने नवदंपति द्वारा किराए पर ली गई एक्टिवा स्कूटी ओसरा हिल इलाके में लावारिस हालत में बरामद की है।
स्कूटी एक गहरी खाई के पास खड़ी पाई गई है, जिससे आशंकाएं और बढ़ गई हैं।
इंदौर और शिलांग पुलिस की संयुक्त टीम मामले की जांच कर रही है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा से बातचीत की है और त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया है।

परिजनों की चिंता

दोनों के परिजन शिलांग पहुंचे और स्थानीय पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्हें भाषा की समस्या के चलते स्थानीय प्रशासन से बातचीत में परेशानी हो रही है। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को इस घटना के बारे में जानकारी दी है और मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है । जहां एक्टिवा लावारिस हालत में मिली, वह इलाका काफी संवेदनशील है।

बता दे की परिवार के सदस्य गोविंद और विपिन रघुवंशी ने गूगल मैप के माध्यम से लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की और वहां के एक एक्टिवा रेंटल ऑपरेटर से संपर्क किया। दोनों उसी के यहां से वाहन लेकर ओसरा हिल्स की ओर गए थे। बाद में स्थानीय पुलिस को वहीं एक्टिवा एक सुनसान पहाड़ी इलाके में खड़ी मिली। पुलिस के मुताबिक, यह इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है और पहले भी यहां पर्यटकों के लापता होने की घटनाएं हो चुकी हैं।

क्षेत्र लुटेरों और बदमाशों के लिए बदनाम

ओसरा हिल्स के आस-पास रहने वाले लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर एक्टिवा मिली है, वह क्षेत्र बदमाशों और लुटेरों के लिए बदनाम है। यहां पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। यहां एक ओरसा रिसॉर्ट भी स्थित है, जिसके आस-पास कई बार संदिग्ध गतिविधियां देखी गई हैं।

Search

Archives