Home » हाथी उत्पात : दहशत में ग्रामीण, हाथियों को खदेड़ने के दौरान युवक हुआ चोटिल
कोरबा

हाथी उत्पात : दहशत में ग्रामीण, हाथियों को खदेड़ने के दौरान युवक हुआ चोटिल

कोरबा-कोरबी-चोटिया। कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में पिछले दो हफ्ता से हाथियों का उत्पात जारी है। हाथियों की चिंघाड़ से पूरा इलाका थर्राया हुआ है। ग्रामीणों में दहशत है और रतजगा करने को मजबूर हैं। ग्रामीण अपनी फसलों को बचाने के लिए आर -पार की लड़ाई लड़ने विवश हो चुके हैं।

पूरी रात रतजगा कर ग्रामीण हाथ में पत्थर, गुलेल एवं डंडे लेकर हाथियों पर वार कर खदेड़ रहे हैं। मंगलवार रात्रि कोरबी के खजूरपारा मोहल्ले में ग्रामवासी हाथियों को खदेड़ने में जुटे रहे। महिला, पुरुष, बच्चे, बूढ़े सभी अपने आप को सुरक्षित रखने के लिए स्कूल आंगनबाड़ी व निजी पक्के भवन-मकान का सहारा ले रहे हैं। आसपास के ग्रामीण हाथियों के उत्पात से तंग आकर अपने फसल को बचाने के लिए जान जोखिम में डालकर हाथियों को भगा रहे हैं। हाथी एक खेत से दूसरे खेत, एक गांव से दूसरे गांव-जंगल भाग रहे हैं। इसी बीच हाथियों को खदेड़ते हुए एक युवक चोटिल भी हुआ है। वन अधिकारियों के रवैये से ग्रामीणों में निराशा व नाराजगी है।

Search

Archives