कोरबा। जिले के ग्रामीण वितरण संभाग में अघोषित बिजली कटौती के कारण हजारों उपभोक्ता परेशान है। ना केवल दिन बल्कि रात में भी बिजली कटौती जारी है। हाथी प्रभावित क्षेत्र होने के साथ विषैले और ज्यादा लंबाई वाले सर्पाे के निकलने से लोगों की चिंता बढ़ी हुई है। लंबे समय बाद भी वितरण ग्रामीण संभाग के कोरबा और करतला ब्लाक से जुड़ी बिजली आपूर्ति की समस्या को ठीक नहीं किया जा सका। अभी भी कई गांवों की बिजली आपूर्ति का निर्धारण कोरबा के बजाय रायगढ़ जिले से हो रही है। जब फाल्ट की स्थिति आती है तो मैदानी अमला प्राथमिकता के साथ सुधार कार्य पहले रायगढ़ जिले में करता है और फिर कोरबा के जिले के फीडर पर ध्यान देता है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि बरपाली, जिल्गा, सरनीडेरा, कुदमुरा से लेकर आसपास के बड़े हिस्से से लेकर बिजली कटौती का सिलसिला उनके लिए बारिश के मौसम में कुल मिलाकर टेंशन बना हुआ है। ना तो घरेलु कामकाज ठीक से हो रहे ना ही व्यवसायिक कार्य समय पर संभव हो पा रहा है। उपभोक्ताओं की शिकायत है कि सीएसईबी को मनमाने तरीके से पॉवर कट करना है, लेकिन बिल वसूली के मामले में वह पूरी तरह गंभीर है। समय पर बिल अदा ना करने पर उसे डेढ़ फीसदी पेनाल्टी भी चाहिए। ऊपर से स्मार्ट मीटर और ओव्हर बिलिंग की समस्या ने लोगों को पहले से ही परेशान कर रखा है। लोगों का आरोप है कि इस मुद्दे पर जनप्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं।







