कोरबा। एसईसीएल कर्मी के घर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। जहां तीन अलमारियों को चोरों ने साफ कर दिया है। मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।
घटना डीएवी पब्लिक स्कूल के सामने स्थित एसईसीएल कर्मी रामाकांत शर्मा के मकान की है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तीन आलमारियों को तोड़ डाला। अलमारियों में रखे सामान को चोरों ने साफ कर दिया। हाल ही में दो माह पहले ही एसईसीएल मानिकपुर खदान से फिटर पद से रिटायर हुए हैं। उनकी पत्नी भी घर पर रहती है, जबकि दोनों बच्चे पुणे में नौकरी करते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही दंपती बच्चों से मिलने पुणे गए हुए थे।
इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखकर तत्काल सूचना मानिकपुर चौकी पुलिस को दी और मकान मालिक को वीडियो कॉल कर घटनाक्रम से अवगत कराया।
पुलिस का कहना है कि मकान मालिक के लौटने के बाद ही चोरी किए गए सामान और उनकी कुल कीमत का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस जांच में जुटी हुई है। घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी चोरों ने तोड़ डाला और अपने साथ ले गए। फिलहाल मानिकपुर चौकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं शहर के मुख्य मार्ग पर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







