कोरबा। “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक महत्वपूर्ण मामले का खुलासा करते हुए दो कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए लगभग ₹2.50 लाख मूल्य के माल-मशरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी भी कर ली है।
जानकारी के अनुसार 9 जून को पावर हाउस रोड निवासी विमल जाजोदिया ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान एशियन ट्रेडर्स में अज्ञात चोरों ने पीछे के रास्ते से प्रवेश कर डायनेक्स कंपनी का इन्वर्टर, बिरला ओपस पेंट के डिब्बे, बॉश कंपनी की ड्रिल मशीन, ब्रेकर मशीन सहित अन्य सामान चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 507/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने लक्ष्मणबन तालाब निवासी दो व्यक्तियो को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा माल-मशरूका बरामद कर लिया, जिसकी कीमत लगभग ₹2.50 लाख बताई गई है। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के कुछ ही समय बाद उनकी पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कोरबा पुलिस की सतर्कता एवं प्रभावी कार्यशैली का प्रमाण है।
इस कार्रवाई में नगर निरीक्षक एम.बी. पटेल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक वासुदेव आदित्य, भूपेंद्र लहरे तथा आरक्षक चंद्रकांत गुप्ता, रामविलास, रमेंद्र वर्मन एवं चंद्रप्रकाश तंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







