कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। पंप हाउस क्षेत्र में एक महीने के भीतर कई घरों के ताले टूटे हैं। प्रार्थियों का आरोप है कि पुलिस पेट्रोलिंग नहीं होने से चोरी की घटनाएं बढ़ी है। उनका संदेह है कि नशे की गिरफ्त में आए नाबालिग बच्चे और युवा इन घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
इसी कड़ी में पीड़ित शिव शंकर का कहना है कि परिवार बाहर गए हुए थे, रविवार की रात 1 बजे जब वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था, जहां चोर नगदी सहित अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। इसकी शिकायत सीएसईबी चौकी पुलिस से की गई है।
वहीं पास में ही रहने वाले अरविंद कुमार ने बताया कि 15 दिन पहले ही पूरा परिवार शादी कार्यक्रम में बाहर गया हुआ था, वापस लौटने पर घर का ताला टूटा हुआ था। चोर नगदी सहित सामान लेकर फरार हो गए। शिकायत के बाद भी अब तक किसी तरह की कार्यवाही नहीं हो पाई है।
वही मनोज कुमार ने बताया कि 19 मार्च को उसके घर भी चोरों ने चोरी की घटना का अंजाम दिया, जहां ताला तोड़कर नगदी रकम मोबाइल और अन्य सामान की चोरी कर ली गई। बढ़ रही चोरी की घटना से क्षेत्रवासी काफी परेशान हैं। लोगों की मानें तो असमाजिक तत्व घटना को अंजाम दे रहे हैं। इन बदमाशों को पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है। पुलिस पेट्रोलिंग भी नहीं होने से असामाजिक तत्वों का हौसला बुलंद है। जनता में आक्रोश देखने को मिल रहा है । फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज किया है। घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश जारी है।







