कोरबा। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर और शारदा विहार स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या लगातार विकराल होती जा रही है। ठंड के मौसम में मालगाडिय़ों के इंजन बार-बार फेल होने से रेल यातायात रुक जाता है, जिसका सीधा असर सड़क़ मार्ग पर पड़ता है। सोमवार सुबह हमेशा की तरह एक बार फिर एक मालगाड़ी रेलवे क्रासिंग पर रूकी और लंबे समय तक खड़ी रही है। मालगाड़ी प्लांट की ओर जा रही थी। इसी दौरान इंजन फेल हो गया और फाटक पर खड़ी हो गई। इसके कारण करीब दो घंटे तक यातायात ठप रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग और व्यापारियों को जाम में फंसना पड़ा, जिससे काफी लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके और नाराजगी जताई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह समस्या अब दैनिक सिरदर्द बन चुकी है। लंबे समय से इन दोनों रेलवे फाटकों पर ऐसी समस्याएं देखी जा रही हैं, लेकिन समाधान की दिशा में रेलवे की ओर से कार्यवाही नहीं होती। बताया गया है की मालगाड़िय़ों में क्षमता से अधिक वैगन जोड़े जाने और अधिक भार वाले रैक चलाने से इंजन ओवरलोड होकर फेल हो जा रहे हैं। परेशान नागरिकों ने रेलवे और प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार समस्या होने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकल रहा।
कोरबा नगर में स्थित शारदा विहार, ट्रांसपोर्ट नगर और सीएसईबी चौराहा रेलवे क्रॉसिंग पर दिनभर मालगाडिय़ों की आवाजाही चलती रहती है। कोयला परिवहन का मुख्य मार्ग होने के कारण इन फाटकों पर जाम लगना आम बात हो गई है। इससे सीएसईबी चौक, संजय नगर, शारदा विहार और ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में आवागमन घंटों प्रभावित रहता है।







