Home » केबल वायर चोरी का खुलासा: दो नाबालिग सहित पांच आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

केबल वायर चोरी का खुलासा: दो नाबालिग सहित पांच आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। पखांजूर थाना क्षेत्र में लगातार केबल तारों की चोरी के मामले में पुलिस ने दो नाबालिग सहित पांच आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए केबल तार बरामद किए हैं। जिन कबाड़ियों को आरोपियों द्वारा तार बेचे जा रहे थे, उन्हें भी गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई।

मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे ने बताया कि 19 मार्च को प्रार्थियों ने थाना पखांजूर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा खेतों में लगे बोर मशीन के केबल वायर चोरी कर लिए गए हैं। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम पीव्ही-10 के एक नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पखांजूर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर बोर मशीन के केबल वायर चोरी करने की बात कबूल की। आरोपियों द्वारा चोरी किए गए केबल वायर को जलाकर उसमें से तांबा अलग किया जाता था, जिसे ग्राम पीव्ही-33 और कापसी के कबाड़ी दुकानों में बेचा जाता था। बचे हुए सामान को आरोपी अपने घर की बाड़ी में छिपाकर रखते थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने करीब 7-8 माह पहले थाना भानुप्रतापपुर क्षेत्र से एक पल्सर मोटरसाइकिल भी चोरी की थी, जिसे बरामद कर जब्त किया गया है। चोरी का सामान खरीदने वाले ग्राम पीव्ही-33 के कबाड़ी दुकान संचालक कलिंग महंत (58 वर्ष) और ग्राम कापसी के कबाड़ी संचालक परितोष बर (38 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है।

Search

Archives