Home » चार बच्चों का पिता दो माह से लापता, पत्नी के सामने आई भरण पोषण की समस्या
कोरबा छत्तीसगढ़

चार बच्चों का पिता दो माह से लापता, पत्नी के सामने आई भरण पोषण की समस्या

कोरबा। शहर के वाल्मिकी आवास से दो माह पहले चार बच्चों का पिता अचानक रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। परिवार के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका है। अब पत्नी के सामने बच्चों के भरण पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई है।

मामला पंडित रविशंकर शुक्लनगर का है। यहां वाल्मिकी आवास में सुनीता महंत निवास करती है। उसका पति पिछले दो माह से लापता है। वह कहां और किस हालत में है, किसी को कुछ पता नहीं है। पति से संपर्क नहीं हो रहा है। इसे लेकर महिला काफी परेशान है। पति के नहीं रहने से बच्चों के भरण पोषण में परेशानी आ रही है। कहीं से कोई मदद नहीं मिल रही है।

पत्नी सुनीता ने बताया कि विवाह को करीब 18 साल बीत चुके हैं। उसका ससुराल दर्री के स्याहीमुड़ी स्थित रामनगर में हैं। पति विक्रम दास महंत के साथ वाल्मिकी आवास स्थित अपने मायके में रहती है। सुनीता दो माह पूर्व पति के साथ ससुराल गई थी। कोई काम होने की बात कहकर पति विक्रम अपने घर में रुक गया। पत्नी बच्चों के साथ मायके आ गई। पति सप्ताह भर बाद भी नहीं लौटा। सुनीता ने ससुराल में संपर्क किया तो पति वहां भी नहीं था। उसका मोबाईल भी बंद बता रहा है। पति के अचानक लापता हो जाने से सुनीता के सिर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गुमशुदगी रिपोर्ट दर्री थाने में दर्ज कराई गई हैं। दो माह गुजर जाने के बाद भी पति का कुछ पता नहीं चल सका है। इधर चार बच्चों का भार अकेले सुनीता पर आ गया है।

Search

Archives