Home » जमीन बंटवारे को लेकर विवाद में बुजुर्ग की हत्या, आरोपी मौके से फरार.
कोरबा छत्तीसगढ़

जमीन बंटवारे को लेकर विवाद में बुजुर्ग की हत्या, आरोपी मौके से फरार.

कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया के सीपत पारा में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में 85 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बबन राम यादव पिता बुद्ध राम यादव, उम्र 85 वर्ष, निवासी सीपत पारा पिपरिया के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पुलिस जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की सुबह करीब 5.30 बजे मृतक बबन राम यादव का अपने भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव पिता राम प्रसाद यादव, उम्र 23 वर्ष से जमीन के बंटवारे और अलग-अलग पाटा किए जाने को लेकर पूर्व से मनमुटाव था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान सोनू उर्फ अशोक यादव ने टांगिया से बबन राम यादव के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पसान पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपी सोनू उर्फ अशोक यादव फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं, मामले की परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया घटना के पीछे जमीन बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया है। हालांकि, हत्या के आरोपों की पूरी पुष्टि पुलिस की जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Search