Home » बाउंड्री वॉल ढही, मासूम सहित तीन लोग घायल, ऐसे हुआ हादसा
कोरबा

बाउंड्री वॉल ढही, मासूम सहित तीन लोग घायल, ऐसे हुआ हादसा

कोरबा।  कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। कोतवाली के पीछे लक्ष्मण बन तालाब के पास निर्माणाधीन फ्लैट की पक्की बाउंड्री वॉल का हिस्सा अचानक ढह गया। मलबे में दबकर एक डेढ़ वर्षीय मासूम सहित तीन लोग घायल हो गए। मासूम की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 6 बजे फ्लैट के पिछले हिस्से में जेसीबी से मलबा और रेत हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी का धक्का बाउंड्री वॉल में लग गया, जिससे लंबी और ऊंची दीवार का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया।। दीवार पर कंटीले तार भी लगे थे, जिससे हादसा और खतरनाक हो गया।

हादसे के वक्त पास से गुजर रहे और आसपास खेल रहे लोग अचानक इसकी चपेट में आ गए। मलबे में दबने से स्थानीय निवासी डेढ़ वर्षीय धनेश कर्ष, संजू कर्ष (20) और विशाल यादव (18) घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मासूम को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। दीवार गिरने से एक मोटरसाइकिल और पास में खड़ी सवारी ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना पश्चात मौके पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल सहित स्टाफ ने पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया और अधिकारियों को अवगत कराया। तीनों घायलों का उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है जिसमें से मासूम की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

Search

Archives