हारे का सहारा के जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र
कोरबा। फागुन एकादशी के मौके पर खाटू श्याम मंदिर छुरी-कटघोरा में भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। शुक्रवार सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ जुटी, जिससे पूरा इलाका हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ग्राम सिरकी (जटगा) से श्रद्धालुओं ने छुरी-कटघोरा स्थित खाटू श्याम मंदिर तक लगभग 45 किलोमीटर तक पैदल निशान यात्रा निकाली। भजन-कीर्तन और “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारा” के जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु अपने हाथों में केसरिया ध्वज और निशान लिए भक्ति भाव से पदयात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा खाटू श्याम से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। फागुन एकादशी का यह पावन उत्सव श्रद्धालुओं के लिए आस्था, विश्वास और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर सामने आया।







