स्थिति चिंताजनक, बांगो पुलिस ने किया मामला दर्ज
कोरबा। बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम सलिहाभाठ, मोहल्ला पंटोरवा पारा में धनुष-तीर से हमला करने का मामला सामने आया है। यहां कलयुग के अर्जुन ने लक्ष्य को भेदने की बजाय गलत निशाने पर तीर चला दिया। तीर सीधे उसके छोटे भाई की पीठ में जा घुसा। घायल को डायल 112 की मदद से सीएचसी पोड़ीउपरोड़ा में भर्ती कराया गया। उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। बांगो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सलिहाभाठ निवासी शिव सिंह पोया, पिता सम्मल पोया ने धनुष से तीर चलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीर करीब 15 से 20 मीटर की दूरी से चलाया गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी का निशाना उसके बड़े भाई की ओर था, लेकिन तीर भटककर छोटे भाई को जा लगा, जिससे वह घायल हो गया। घटना के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों में पीड़ित की भाभी और बड़ा भाई शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल तीर चलाने की वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि प्रारंभिक जानकारी में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। बांगो पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।







