Home » रामगढ़ में बस-ट्रक की भीषण भिड़ंत के बाद मचा कोहराम, अधिवक्ता सहित तीन की मौत
झारखंड

रामगढ़ में बस-ट्रक की भीषण भिड़ंत के बाद मचा कोहराम, अधिवक्ता सहित तीन की मौत

रामगढ़। रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर छत्तरमांडू स्थित बड़की नदी के पास सोमवार को पूर्वाह्न 11ः30 बजे धनबाद से रांची जा रही श्री गोकुल ट्रैवल्स नामक यात्री बस व कोयला लदे ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक चालक व बस में बैठी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में एक ही परिवार के चार-पांच बच्चे भी शामिल हैं।

रामगढ़ कोर्ट के एक अधिवक्ता गोला निवासी अरविंद पाठक की मौत रिम्स में इलाज के दौरान हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने करीब दो घंटे तक रामगढ़-बोकारो मार्ग को जाम कर दिया।

घटना के बाद यहां अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी बस पर सवार सभी घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से सात लोगांं को बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया। जहां इलाज के दौरान अधिवक्ता अरविंद पाठक की मौत हो गई।

अन्य दो मृतकों में ट्रक चालक बेंगवारी केरेडारी हजारीबाग निवासी मनीष कुमार व जैनामोड़ बोकारो निवासी महिला विलासो देवी शामिल हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सदर अस्पताल में घायलों की मची चीख-पुकार

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस व अन्य वाहनों में लादकर किसी तरह सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान घायलों की चीख-पुकार से अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। अफरातफरी के माहौल में अस्पताल के चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों ने सभी घायलों का एक-एक कर प्राथमिक उपचार किया। धनबाद से करीब आठ बजे चली श्री गोकुल ट्रैवल्स नामक यात्री बस में अधिकांश यात्री बोकारो, जैनामोड़ व पेटरवार से सवार हुए थे।

Search

Archives