गुवाहाटी। मणिपुर के कामजोंग जिले में संदिग्ध नगा उग्रवादियों द्वारा किए गए कथित हमले में एक कुकी महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। राज्य में जारी जातीय हिंसा के बीच, समुदाय के दो अन्य लोग भी लापता बताए जा रहे हैं। मृतक महिला हतनेइकिम हाओकिप मोलनोई गांव की रहने वाली थी।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह समूह जरूरी सामान खरीदने के लिए फाईकोह जा रहा था तभी फाईकोह और ऐशु के बीच सड़क़ पर उन पर हमला किया गया। हतनेइकिम के पति घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद दो अन्य नागरिक अभी भी लापता हैं। इस हमले के बाद कुकी-नगा संघर्ष में मारी गई कुकी महिलाओं की संख्या बढ़क़र 10 हो गई है। इनमें दो गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं।
ये झड़पें कुकी-मैतेई संघर्ष के बाद हुई हैं, जो 2023 से 2025 तक चला था। यह हमला उस घटना के पांच दिन बाद हुआ है, जिसमें तीन जिलों में नौ लोगों की जान चली गई थी। इनमें दो कुकी, एक गोरखा और छह नगा पुरुष शामिल थे। इस साल फरवरी में कुकी-नगा संघर्ष शुरू होने के बाद से कम से कम 22 नागा और 32 कुकी लोगों की जान जा चुकी है। देर रात सुरक्षा बलों को कांगपोकपी जिले में नगा व्यक्ति अजिनबोउ रिंगकामाई का कटा हुआ सिर मिला। 10 अक्टूबर को जब संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने मकुई अशांग गांव पर हमला किया तो मारे गए चार नगा पुरुषों में वह भी शामिल थे। हमले के दौरान उनका सिर धड़ से अलग हो गया था और वह मिल नहीं रहा था।







