जमशेदपुर। बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। गुरुवार को शहर के व्यस्त इलाके बिष्टुपुर गुरुद्वारा बस्ती में अपराधियों ने कारोबारी साकेत अग्रवाल से 30 लाख रुपये लूट लिए। अपराधियों ने व्यापारी की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर रूपए से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि व्यापारी साकेत अग्रवाल बैंक से रुपये निकालकर अपने घर लौट रहे थे, तभी अपराधियों ने घेरकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
मिर्च पाउडर डालने के बाद जब अपराधी भागने लगे तो साकेत अग्रवाल ने साहस दिखाते हुए उनका पीछा किया। इसी दौरान अपराधियों ने पिस्तौल निकालकर उन पर फायरिंग कर दी। सुखद पहलू यह रहा कि गोली व्यापारी को नहीं लगी और वे बाल-बाल बच गए।
इस सनसनीखेज वारदात की पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि जमशेदपुर में 24 घंटे के भीतर यह दूसरी बड़ी आपराधिक घटना है। लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कारोबारी वर्ग समेत आम लोग भी सुरक्षा को लेकर दहशत में हैं, वहीं बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। फिलहाल, इस घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है।







