Home » नेता का लाइसेंसी पिस्टल जब्त, शादी समारोह में दुल्हा- दुल्हन और लड़के की मां ने की थी हवा में फायरिंग, वीडियो हुआ था वायरल
छत्तीसगढ़ जांजगीर-चांपा

नेता का लाइसेंसी पिस्टल जब्त, शादी समारोह में दुल्हा- दुल्हन और लड़के की मां ने की थी हवा में फायरिंग, वीडियो हुआ था वायरल

जांजगीर-चांपा। जिले में एक विवाह समारोह के दौरान धड़ाधड़ हवा में गोली चलाने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने राजनीति से जुड़े एक नेता और उसके बेटे का लाइसेंसी पिस्तौल जब्त कर लिया हैं।जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनिल सोनी ने बताया कि इस महीने की 12 तारीख को रसौटा गांव में नेता के बेटे का विवाह समारोह के दौरान दुल्हा दुल्हन और लड़के की मां ने पिस्टल से हवा में फायरिंग की थी। गोली चलाने की घटना के बाद पुलिस ने नेता के बेटे का लाइसेंसी पिस्तौल जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक विवाह समारोह के दौरान पुरुषों और महिलाओं द्वारा पिस्तौल चलाने का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया था। जब पुलिस को जानकारी मिली कि यह वीडियो जांजगीर-चांपा जिले का है। तब पामगढ़ थाने के थानेदार को जांच करने और इस संबंध में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक समारोह के दौरान कुछ महिलाएं और पुरुष पिस्तौल से लगातार गोली चला रहे हैं और वहां मौजूद लोग उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं। एएसपी सोनी ने बताया कि समारोह में मौजूद लोगों के बयान और स्थल पर की गई जांच के बाद यह सामने आया कि लाइसेंस धारकों ने शस्त्र लाइसेंस के नियमों और शर्तों का उल्लंघन किया है। उन्होंने बताया कि शस्त्र लाइसेंस के निलंबन और इसकी जब्ती की सिफारिश के साथ एक रिपोर्ट जिला कलेक्टर को भेज दी गई है ।

Search

Archives